सुप्रीम कोर्ट में एक वकील द्वारा मुख्य न्यायाधीश बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश के घटनाक्रम ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। इस घटना पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और हरियाणा से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कड़ी निंदा की है। उन्होंने अपनी प्रतिक्रिया में कहा सीजेआई पर इस तरह का घृणित प्रहार करना बताता है कि हमला करने वाला व्यक्ति किस घृणित मानसिकता का होगा। सांसद ने जातिवादी विचारधारा का लगाया आरोप सांसद ने कहा समाज में इस तरह की मानसिकता हम सबके लिए पीड़ा का विषय है। वह मंगलवार को वाल्मीकि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्ति को वकालत से डी-बार करने से कुछ नहीं होगा। सरकार को उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए, क्योंकि इसके पीछे एक जातिवादी विचारधारा बताई जा रही है, जो हमारे समाज के लिए एक कैंसर की बीमारी है। इसलिए इस पर सरकार को कठोरता से कार्रवाई करनी चाहिए ताकि पूरे देश में एक संदेश जाए कि देश संविधान से चलेगा और संविधान में देश का हर नागरिक बराबर है।