पुराना बर्फखाना रोड को तोड़कर पडे़ मलबे को उठाने का काम तेजी से शुरू कर दिया गया है। यहां पर देर रात मलबा उठाया जा रहा है ताकि पूरे रोड को जल्द से जल्द खाली किया जा सके। मलबा उठने के बाद यहां पर रोड का काम शुरू किया जाएगा। मलबा उठने के बाद लगभग एक माह के अंदर यह रोड बनाए जाने की उम्मीद है। यहां बता दें कि पीडब्ल्यूडी बीएंडआर की तरफ से यादव धर्मशाला से धौड़ चौक तक सीसी सड़क का निर्माण करवाया जाना है। इसके लिए यादव धर्मशाला से सड़क तोड़ने का काम शुरू किया गया था, जो छिक्कारा चौक तक तोड़ी जा चुकी है। यहां पर रोड तोड़ने के बाद मलबा पड़ा हुआ था। एक दिन मलबे को उठाने का काम बंद कर दिया गया था। इससके अलावा रोड पर सीवरेज की मेनलाइन टूटने के कारण सारा गंदा पानी रोड पर आ गया है। इससे आसपास के दुकानदारों को परेशानी हो रही थी। इसे लेकर दुकानदार पीडब्ल्यूडी बीएंडआर के अधिकारियों से मिले थे। अधिकारियों ने जल्द काम शुरू करने का आश्वासन दिया था। इस पर ठेकेदार ने अपना काम शुरू कर दिया। अब यहां से तेजी से मलबा उठाया जा रहा है। मलबे को ट्रकों में भरकर दूसरी साइट पर डाला जा रहा है। पूरे रोड पर गंदा पानी जमा होने से दुकानदारों की परेशानी बढ़ गई है। पूरा दिन गंदे पानी से बदबू उठती रहती है। इस कारण दुकानदारों का काम प्रभावित हो रहा है। दुकानदारों की मांग है कि इस पानी निकासी को लेकर भी विभाग की तरफ से कार्रवाई की जाए।