बहादुरगढ़। बढ़ते प्रदूषण और घटते हरित क्षेत्र के बीच बहादुरगढ़ के लिए रविवार एक नई हरित शुरुआत लेकर आया। क्लीन एंड ग्रीन ट्रस्ट की ओर से मियावाकी तकनीक के तहत एक एकड़ भूमि पर दो हजार से अधिक पौधे लगाकर अर्बन फॉरेस्ट विकसित करने का अभियान शुरू किया गया। इस पहल का उद्देश्य केवल पौधारोपण करना नहीं, बल्कि बहादुरगढ़ को हरियाली के मामले में देश के अग्रणी शहरों की श्रेणी में लाना और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ एवं प्रदूषण-मुक्त वातावरण तैयार करना है। अभियान में 250 से अधिक पर्यावरण प्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। महिलाओं, बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी भागीदारी ने आयोजन को प्रेरणादायक बना दिया। अनेक परिवार अपने बच्चों के साथ पहुंचे और प्रकृति संरक्षण का संदेश देते हुए पौधारोपण किया। सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी बढ़-चढ़कर सहयोग किया। पौधारोपण अभियान में शामिल हुए विधायक राजेश जून ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने क्लीन एंड ग्रीन ट्रस्ट की सराहना करते हुए कहा कि संस्था लगातार बहादुरगढ़ को हरा-भरा बनाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य कर रही है।