हरियाणा अग्निशमन विभाग के कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को वीरवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। हड़ताली कर्मचारियों ने जिला फायर ब्रिगेड मुख्य कार्यालय परिसर में धरना देकर नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया। विभाग ने वैकल्पिक व्यवस्था के तहत रोडवेज से 41 चालक तथा होमगार्ड से 85 कर्मचारियों को तैनात किया है। आपात स्थिति को लेकर सभी फायर स्टेशन पर इन कर्मचारियों को तैनात किया गया है। अग्निशमन कर्मचारियों का साथ देने के लिए नगर पालिका कर्मचारी संघ, सर्व कर्मचारी संघ सहित अन्य संगठनों के सदस्य भी पहुंचे। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया।कर्मचारी संघ जिला प्रधान अशोक सैनी ने कहा कि फायर ब्रिगेड कर्मचारियों को न्याय नहीं मिला तो दूसरे विभागाें के कर्मचारी भी इसमें शामिल होंगे। आंदोलन को व्यापक रूप दिया जाएगा। नगर पालिका कर्मचारी संघ ईकाई हिसार के प्रधान सुरेंद्र उर्फ गोलू ने कहा कि फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों का निगम कर्मचारी हर स्तर पर साथ देंगे। इनकी जायज मांगों को सरकार जल्द से जल्द पूरा करे। उन्होंने कहा कि फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दो फायर कर्मचारियों के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही है। इस संबंध में सरकार के साथ दो दौर की बातचीत भी हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही उनकी मांगों का समाधान नहीं किया तो अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला ले सकते हैं।