हांसी के गांव बीड़ फार्म में रविवार रात एक हादसे में जोहड़ (तालाब) में डूबने से 42 वर्षीय मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान गांव निवासी अमित कुमार के रूप में हुई है। जो मजदूरी का काम करता था। अमित अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस को सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पहुंचकर जांच आरंभ कर दी है। घटना रविवार रात करीब 11:00 की है ग्रामीणों व परिजनों को करीब 1 घंटे बाद अमित के तालाब में गिरने की जानकारी मिली। गांव के सरपंच प्रतिनिधि अनूप भूरिया के अनुसार अमित कुमार खाना खाने के बाद घर से बाहर टहलने के लिए निकला था। इसी दौरान गांव में बने जोहड़ के पास उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गया। तालाब की गहराई अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से अमित को तालाब से बाहर निकाला गया। अमित को तुरंत नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुमित कुमार ने बताया कि अमित की जोहड़ में डूबने से मौत हो गई है। उनके तीन बच्चे है। परिवार में दूसरा कोई सहारा नहीं है। सिसाय पुल पुलिस चौकी से जांच अधिकारी उमेद सिंह ने परिजनों के बयान दर्ज कर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। जांच अधिकारी के अनुसार सोमवार को मृतक का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। जिसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।