पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में इनेलो कार्यकर्ताओं ने जिला सचिवालय पर प्रदर्शन किया। हांसी में भी बड़ी संख्या में पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ता शहर में मार्च करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन हांसी के डीसी राहुल नरवाल को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से केंद्र सरकार से बढ़ती महंगाई पर रोक लगाने और पेट्रोल, डीजल व गैस के दाम कम करने की मांग की गई। इनेलो नेता उमेद लोहान ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गृहिणियों, व्यापारियों और आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार कीमतों में राहत देने के बजाय लगातार बढ़ोतरी कर रही है, जिसके विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है।