हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के ने सोमवार को छठे दिन भी जारी रही। दमकल केंद्र के बाहर लीडिंग फायरमैन सुशील कुमार व जिला प्रधान राजेश महला की अध्यक्षता में धरना दिया। हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए हरियाणा अग्निशमन कर्मचारी यूनियन के उप प्रधान जसवीर श्योकंद ने कहा कि फरीदाबाद स्थित कालका स्टील फैक्ट्री में 16 फरवरी को लगी आग को बुझाते समय दमकल विभाग के दो जवान रणवीर सिंह व भवी चन्द शर्मा झुलस गए थे। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सरकार ने अभी तक उनको शहीद का दर्जा नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि यूनियन की मांग है कि उक्त दोनों कर्मचारियों को शहीद का दर्जा दिया जाए। उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये सहायता राशि व परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी तक इन मांगों की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया है। सरकार मनमानी कर रही है और आंदोलन को लंबा खींचना चाहती है। जिला फायर ऑफिसर रहे दलवीर नैन ने कहा कि यूनियन की मांगें जायज हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में गेहूं की फसल का सीजन चल रहा है। इसमें आगजनी की ज्यादा घटनाएं होती है। इसलिए सरकार ने कर्मचारियों की मांगों को जल्दी से जल्दी पूरा करे ताकि यह हड़ताल खत्म हो सके। किसानों की फसल को बचाया सके। लीडिंग फायरमैन अमरदीप ने कहा कि फायर विभाग के कर्मचारियों को बिना प्रमोशन एसीपी का लाभ दिया जाए, पुरानी पेंशन बहाल की जाए व ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी रद्द की जाए। फायरमैन कश्मीर ने कहा कि रेगुलर पे-रोल व कौशल के कर्मचारियों की मुख्य मांगों को पूरा किया जाए।