प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस पर नगर निगम की तरफ से स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत वार्ड 14 को “जीरो वेस्ट वार्ड” बनाने की दिशा में एक नई पहल शुरू की गई। इस अवसर पर सेक्टर 16-17 स्थित सामुदायिक केंद्र में नगर निगम की ओर से एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें हजारों नागरिकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों और पार्षदों ने भाग लेकर इस मुहिम को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक सावित्री जिंदल और मेयर प्रवीण पोपली रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता निगमायुक्त नीरज ने की। इस मौके पर निगमायुक्त नीरज ने कहा कि स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलाया जाएगा। इसके साथ पूरे शहर में हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान के तहत सफाई से सम्बन्धित कार्य निरंतर किए जा रहे है। नगर निगम के द्वारा स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा, हरियाणा शहर स्वच्छता अभियान और वार्ड को जीरो वेस्ट वार्ड बनाने की जो मुहिम की शुरूआत की है। उसमें आप सभी नगर निगम का सहयोग करें। आप सभी के सहयोग से ही हम वार्ड को जीरो वेस्ट वार्ड और हिसार शहर को ग्रीन हिसार, क्लीन हिसार बना सकते है। मेयर प्रवीण पोपली ने कहा कि मैं आप सभी से इतना सहयोग चाहता हूं कि आप अपने घर की सफाई के बाद गीला व सूखा कचरा अलग-अलग डस्टबिन में डाले और उसको नगर निगम द्वारा संचालित कचरा संग्रहण के वाहनों में भी अलग-अलग डालें। विधायक सावित्री जिन्दल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आज यहां से जो स्वच्छता सेवा पखवाड़ा शुरू किया जा रहा है। इसमें सभी को मिलकर कर कार्य करना होगा।