रतिया शहर के राम बाग श्मशान घाट में जलती चिता के साथ कथित छेड़छाड़ करने के मामले में पुलिस ने मृतक महिला के भाई अवतार की शिकायत पर तीन लोगों हरपाल सिंह , रणजीत सिंह और सन्नी के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के गांव बरे, तहसील बुढलाडा निवासी अवतार सिंह ने आरोप लगाया है कि 14 मई की शाम करीब 6 बजे राम बाग श्मशान घाट में उसकी बहन की जलती चिता को बुझाकर शव अवशेषों के साथ छेड़छाड़ की गई, जिससे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंची। परिजनों ने की गिरफ्तारी की मांग वहीं, मृतका के मायका पक्ष से बड़ी संख्या में लोग एएसपी से मिलने रतिया पहुंचे। एएसपी से मिलने के बाद उन्होंने पुलिस को 36 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि अगर इस मामले में सभी आरोपियों की 36 घंटों में गिरफ्तारी न हुई तो वे रतिया में पहुंचकर प्रदर्शन और घेराव करेंगे। पंजाब से आए मृतका के मायके पक्ष के इक़बाल सिंह, अवतार सहित अन्य लोगों ने आरोप लगाया है कि शमशान घाट में लगे सीसीटीवी में चिता से छेड़छाड़ करते, उस पर पानी डालते हुए लोग साफ नजर आ रहे हैं। मगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को नहीं समझा और अब एक मामला दर्ज किया है।