फतेहाबाद। सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को इनेलो ने अपना समर्थन दिया है। इनेलो की महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला मंगलवार को फतेहाबाद नगर परिषद कार्यालय में पहुंची और यहां धरने पर बैठे कर्मचारियों को पूर्ण समर्थन दिया। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने राज्य की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। कर्मचारियों के बीच पहुंची इनेलो नेत्री ने सरकार की कार्यप्रणाली पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि भाजपा ने प्रदेश में ऐसे हालात पैदा कर दिए हैं कि जब तक जनता सडक़ों पर न उतरे, सिर न तुड़वाए और बेटियों को बालों से न घसीटा जाए, तब तक सरकार किसी की बात सुनने को तैयार नहीं होती। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में किसान, युवा, छात्र, महिलाएं, आंगनबाड़ी और आशा वर्कर समेत हर वर्ग अपने हकों के लिए आंदोलन करने को मजबूर है। सुनैना चौटाला ने कहा कि वर्ष 2022 में कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने का वायदा किया गया था। मई में हड़ताल के दौरान भी सरकार ने मांगें तो मान लीं, लेकिन अब उन्हें लागू करने से पीछे हट रही है। उन्होंने कर्मचारियों से एकजुट रहकर आंदोलन जारी रखने का आह्वान किया और कहा कि कर्मचारियों की एकता के आगे भाजपा सरकार को झुकना ही पड़ेगा।