फतेहाबाद शहर के गीता मंदिर परिसर में सोमवार को भारत गैस एजेंसी द्वारा घरेलू गैस सिलिंडरों की सप्लाई दी गई। पिछले तीन-चार दिनों से बुकिंग करा चुके उपभोक्ता सुबह से ही मंदिर परिसर में जुटना शुरू हो गए थे। सिलिंडरों की किल्लत के चलते दोपहर तक उपभोक्ताओं की लंबी लाइनें लगी रहीं। एजेंसी के कर्मचारियों ने बताया कि सुबह से दोपहर तक करीब 170 गैस सिलिंडरों का वितरण किया गया। जिन लोगों ने पहले से बुकिंग कराई थी, केवल उन्हीं को प्राथमिकता के आधार पर सिलिंडर दिए गए। कई दिनों के इंतजार के बाद सप्लाई मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली, हालांकि कतारों के कारण उपभोक्ताओं को घंटों इंतजार करना पड़ा। एजेंसी की ओर से आगामी दिनों में सप्लाई सुचारू करने का आश्वासन दिया गया है।