लगातार बढ़ रही महंगाई, पेट्रोल-डीजल, सीएनजी और एलपीजी की कीमतों में बेतहाशा वृद्धि के विरोध में इनेलो द्वारा सोमवार को फतेहाबाद में जिला मुख्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन की कमान इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला ने संभाली, जिसमें भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने शामिल होकर सरकार के खिलाफ अपना कड़ा रोष व्यक्त किया। प्रदर्शन के बाद जिला प्रशासन को पीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर जनता को इस महंगाई से राहत देने की मांग की गई। इस अवसर पर इनेलो जिलाध्यक्ष बिकर सिंह हड़ौली, बलविंद्र कैंरो, पूर्व मंत्री रामस्वरूप रामा, हलका प्रधान प्रेम सिंह, नरेन्द्र सिंह, अंगद ढिंगसरा, भागीराम सोनी, नरेश पोटलिया, रमेश लाली सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन को संबोधित करते हुए सुनैना चौटाला ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय में ईंधन और रसोई गैस की कीमतों में जो भारी बढ़ोतरी हुई है, उसने आम आदमी का जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त और दूभर कर दिया है। सुनैना चौटाला ने कहा कि ईंधन की कीमतों में वृद्धि का सीधा असर सिर्फ गाड़ियां चलाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसने पूरी अर्थव्यवस्था को हिला कर रख दिया है। डीजल महंगा होने से ट्रांसपोर्टरों ने किराया 10 से 15 प्रतिशत तक बढ़ा दिया है, जिसके कारण फल, सब्जियां, अनाज, दूध, दही, दवाइयां और यहां तक कि मकान बनाने की निर्माण सामग्री भी आम आदमी की पहुंच से बाहर होती जा रही है।