सीआईए पुलिस द्वितीय भिवानी की टीम ने नशे के खिलाफ अभियान चलाते हुए ईनामी नशा तस्कर अजय को पकड़ा है। उसे फतेहाबाद जिले से पुलिस सूचना तंत्र के माध्यम से पकड़ा गया है। पुलिस ने इसके पास से एक गाड़ी तथा मोबाइल बरामद किया है। भिवानी जिले में हेराइन तस्करी को लेकर पुलिस ने बीते दिनों तोशाम क्षेत्र से सौरभ व मोनू को पकड़ा था। इसके अलावा भिवानी जिला से छह अन्य नशा तस्करों से जब पूछताछ की तो उन्होंने बताया था कि वे पीरावली के अजय से यह हेराइन लेकर आते है। उन्हीं की निशानदेही पर पांच हजार के इस ईनामी नशा तस्कर अजय को पकडऩे में सीआईए द्वितीय भिवानी की टीम ने एसएचओ विशेष की अगुवाई में टीम बनाकर पकड़ने में सफलता हासिल की है। इस बारे में जानकारी देते हुए भिवानी के डीएसपी क्राइम अनुप कुमार ने बताया कि लंबे समय से भिवानी पुलिस नशा तस्करों के खिलाफ अपने तंत्र के माध्यम से उन्हें पकडऩे के लिए प्रयासरत थी। इसके चलते विभिन्न मामलों में हाल ही में सौरभ व मोनू को पकड़ा गया था। उन्होंने बताया कि वह यह नशा पीरवाली गांव के निवासी अजय से लेकर आते है। इनसे पुलिस ने बीते दिनों 7.82 ग्राम हेराइन भी पकड़ी थी, जिसकी कीमत डेढ़ से दो लाख रुपये है। पकड़े गए पांच हजार के ईनामी नशा तस्कर अजय यह नशा दिल्ली से लेकर आता है। जो हिसार, भिवानी व आस-पास के जिलों में बेचता है। भिवानी पुलिस इस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि नशा तस्करी के इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल थे। अजय 2021 से इस नशा तस्करी के कार्य में लिप्त है। इसे फतेहाबाद जिला के एक गांव से गिरफ्तार किया है। अजय के साथी रोहित को पकडऩे के लिए भिवानी पुलिस की टीमें काम कर रही है। डीएसपी अनुप कुमार ने यह भी बताया कि किसी भी क्षेत्र में यदि जिले में कही नशा कोई व्यक्ति बेचता है तो उसकी सूचना डायल-112 या नजदीकी चौकी में दे। नशा बेचने वाले की सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखते हुए पुलिस नशा बेचने वालों पर कार्रवाई करेगी, ताकि नशाखोरी वाली चीज आगे ना बढ़ पाए।