नगर पालिका लोहारू द्वारा शहर को स्वच्छ, स्वस्थ और सुंदर बनाने के उद्देश्य से नई सोच नया शहर अभियान के तहत सोमवार को साइक्लोथॉन कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइक्लोथॉन कार्यक्रम सुबह 7:30 बजे एमसी ऑफिस लोहारू से शुरू होकर भगत सिंह चौक तक निकाली गई, जिसमें शहर के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। आयोजन में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी ऋषभ विशेष रूप से उपस्थित रहे और प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगरपालिका प्रधान प्रदीप बंटी तायल द्वारा नगरपालिका कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर किया गया। कार्यक्रम के दौरान सफाई कर्मचारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया और उनका उत्साहवर्धन किया गया। नगरपालिका सचिव तेजपाल तंवर ने बताया कि नई सोच नया शहर अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक आंदोलन है, जिसका उद्देश्य शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत विभिन्न गतिविधियां करीब 15 दिनों तक लगातार आयोजित की जाएंगी। साइक्लोथॉन के उपरांत मॉडल संस्कृति स्कूल में पेंटिंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और बेहतर शहर की थीम पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इस मौके पर उप प्रधान प्रतिनिधि विपिन सैनी, जेई कपिल सैनी, बीआई राकेश श्योराण, राजीव वत्स मौजूद रहे।