इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के राष्ट्रव्यापी आह्वान के तहत इनेलो सुप्रीमो चौ. अभय सिंह चौटाला एवं प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा के निर्देशानुसार सोमवार को इनेलो द्वारा प्रदर्शन किया गया। इस दौरान इनेलो नेताओं ने भाजपा शासनकाल में बेतहाशा बढ़ती महंगाई, आसमान छूती बेरोजगारी और चरमराती कानून-व्यवस्था के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया। इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन एवं पूर्व मंत्री डाॅ. वासुदेव शर्मा के नेतृत्व तथा इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहूं की अध्यक्षता में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने सडक़ों पर उतरकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। मुख्य अतिथि एवं इनेलो पार्लियामेंट्री बोर्ड के चेयरमैन डाॅ. वासुदेव शर्मा ने कहा कि आज हरियाणा की जनता महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के दलदल में पूरी तरह धंस चुकी है। वर्तमान सरकार आम आदमी की जेब पर डाका डाल रही है और पूंजीपतियों व ठेकेदारों के एजेंट के रूप में काम कर रही है। हालही में करीबन दो सप्ताह के अंतराल में जिस तरह चार बार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं, उसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं, बिजली के भारी-भरकम बिलों के साथ बेतहाशा अघोषित कट लगाए जा रहे हैं। इनेलो जिला अध्यक्ष अशोक ढाणीमाहूं ने कहा कि कांग्रेस मुख्य विपक्षी दल होने का अपना दायित्व भूल चुकी है तथा भाजपा की गोद में बैठ चुकी है तथा इनेलो ही विपक्ष की भूमिका निभाकर जनहित के मुद्दे उठा रही है। प्रदेश में बेरोजगारी का कहर इस कदर बढ़ गया है कि युवा अवसाद की स्थिति में हैं। युवा प्रदेश महासचिव बंटी तंवर, युवा जिला अध्यक्ष संदीप घणघस, सरोज श्योराण व इंद्र परमार ने कहा कि यह सरकार किसानों, मजदूरों, युवाओं और छोटे व्यापारियों की सबसे बड़ी दुश्मन बनकर उभरी है।