जिला नागरिक अस्पताल में वीरवार सुबह 9 से 11 बजे तक चिकित्सकों ने हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन के आहवान पर दो घंटे सांकेतिक हड़ताल की। चिकित्सकों की हड़ताल से दो घंटे ओपीडी थमी रही वहीं मरीजों को भी इंतजार करना पड़ा। चिकित्सकों ने आपात विभाग के बाहर एकत्रित होकर नारेबाजी कर रोष जताया। जिला नागरिक अस्पताल में अस्पताल में चर्म रोग, मनोरोग, ईएनटी, सर्जन, हड्डी रोग, नेत्र रोग विशेषज्ञ की ओपीडी बंद रही। अस्पताल में रोजाना करीब 1300 मरीजों की ओपीडी होती है। हड़ताल करने वाले चिकित्सकों ने कहा कि एसएमओ की सीधी भर्ती को लेकर उनका विरोध जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार एसएमओ की सीधी भर्ती करने जा रही है। ये गलत है और पदोन्नति पाने वाले डॉक्टरों के साथ भविष्य से खिलवाड़ है। अगर एसएमओ की सीधी भर्ती हुई तो मेडिकल ऑफिसर को पदोन्नति नहीं मिल पाएगी। जो पहले ही सालों से एसएमओ की पदोन्नति के इंतजार में हैं। जिला नागरिक अस्पताल की ओपीडी बंद रहने से कर्मचारियों ने भी इस दौरान ओपीडी में चेकअप के लिए आने वालों की पर्ची नहीं काटी।