भिवानी। लोहारू थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सत्यनारायण की अध्यक्षता में व्यापारियों, पेट्रोल पंप संचालकों तथा सब्जी मंडी के व्यापारियों के साथ सुरक्षा संबंधी बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य व्यापारियों को इंटरनेशनल कॉल के जरिए मांगी जाने वाली रंगदारी व साइबर अपराधों से बचाव के प्रति सतर्क करना रहा। बैठक के दौरान पुलिस कर्मचारियों ने व्यापारियों के मोबाइल में अभेद एप डाउनलोड करवाकर इसके इस्तेमाल के तरीकों से अवगत कराया। और बताया कि अभेद एप का उपयोग सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और पुलिस से सीधे जुड़ने के लिए एप को बढ़ावा दिया जा रहा है। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि विदेशी या अज्ञात नंबरों से आने वाली धमकी भरी कॉलों से घबराएं नहीं। किसी दबाव में आकर बैंक संबंधी जानकारी या पैसे साझा न करें। संदिग्ध कॉल या मैसेज का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें और तत्काल पुलिस को सूचित करें ताकि त्वरित कानूनी कार्रवाई की जा सके। व्यापारियों द्वारा उठाई गई समस्याओं पर थाना प्रभारी ने आश्वस्त किया कि क्षेत्र में पुलिस गश्त व निगरानी बढ़ाई जाएगी।