अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव और सिरसा सांसद कुमारी सैलजा ने केंद्र व राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। गुरुवार को अंबाला छावनी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार मनरेगा का नाम बदलकर और इसे जमीनी स्तर पर कमजोर कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के विचारों को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। कुमारी सैलजा ने कहा कि यूपीए सरकार ने ग्रामीण गरीबों को आर्थिक मजबूती देने के लिए मनरेगा के तहत 100 दिन के रोजगार की गारंटी दी थी। लेकिन भाजपा के सत्ता में आने के बाद से न तो जरूरतमंदों को काम मिल रहा है और न ही योजना के अन्य लाभ। उन्होंने कहा कि सरकार 125 दिन के रोजगार का दावा तो करती है, लेकिन इसकी कोई कानूनी गारंटी नहीं है। भाजपा गरीबों को आत्मनिर्भर बनाने के बजाय राशन की लाइनों में खड़ा कर उन्हें आर्थिक रूप से पिछड़ेपन की ओर धकेल रही है। एजेंसियों के दुरुपयोग और कानून व्यवस्था पर प्रहार सांसद ने केंद्रीय जांच एजेंसियों के दुरुपयोग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि चुनाव आते ही विपक्षी दलों को निशाना बनाया जाता है, जिसका ताजा उदाहरण पश्चिम बंगाल है। उन्होंने हरियाणा की बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिंता जताई और कहा कि प्रदेश सरकार कर्ज के बोझ तले दबी है, फिर भी विकास के झूठे दावे किए जा रहे हैं। नगर निगम चुनाव पर उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस एकजुट होकर चुनाव लड़ेगी और तीनों निगमों में जीत दर्ज करेगी। इस अवसर पर पूर्व डिप्टी सीएम चंद्रमोहन बिश्नोई सहित कई विधायक व वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।