राहुल गांधी के नेतृत्व में निकाली जा रही कांग्रेस की 'भारत जोड़ो यात्रा' के राजस्थान पहुंचने से पहले ही कई विवाद सामने आ रहे हैं। यहां एक तरफ पार्टी के अंदर ही उथल-पुथल मची हुई है तो वहीं दूसरी तरफ भारत जोड़ो यात्रा का भी विरोध देखने को मिल रहा हैं। दरअसल, गुर्जर आरक्षण संघर्ष समिति के अध्यक्ष विजय सिंह बैंसला ने अशोक गहलोत सरकार को चेतावनी देते हुए कहा है कि, अगर गुर्जर आरक्षण के समझौते पूरे नहीं हुए तो वे राजस्थान में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का विरोध करेंगे। विजय सिंह बैंसला और गहलोत समर्थक धर्मेंद्र राठौड़ का फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है, जिससे अब बवाल मच गया है। बता दें कि, यह फोटो ऐसे समय में सामने आई है जब विजय बैंसला ने हाल ही में राहुल गांधी की भारत जोड़ाे यात्रा को राजस्थान में नहीं घुसने देने की चेतावनी दी है।