गुजरात विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान भले ही अभी नहीं हुआ हो, लेकिन राजनीतिक दलों की जीत-हार को लेकर सर्वे अभी से ही शुरू हो गये हैं। राज्य में विधानसभा की कुल 182 सीटें हैं। पिछले 24 साल से राज्य में भाजपा की सरकार है। ऐसे में सबकी नजर इस बार के चुनाव पर टिकी हैं। सभी की निगाहें अब इस सवाल पर टिकी हुई है कि क्या इस बार गुजरात में कोई बदलाव होगा या भाजपा का जादू बरकरार रहेगा? राज्य में हमेशा कांग्रेस और भाजपा के बीच मुकाबला होता था, लेकिन इस बार दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी मुकाबले को त्रिकोणीय बनाने में लगी हुई है। पंजाब में मिली शानदार जीत के बाद आम आदमी पार्टी एकदम नए जोश के साथ गुजरात चुनाव में उतरी हुई हैं, जिससे कांग्रेस और भाजपा की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।