अमिताभ बच्चन बुधवार को दिल्ली के किरोड़ीमल कॉलेज में थे। जहां वो दूसरे एलुमनाई मेंबर के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए थे। दरअसल ये सभी कॉलेज के थिएटर को दोबारा बनाने के लिए फंड रेज करने पहुंचे। इस थिएटर को ड्रामा टीचर फ्रैंक ठाकुरदास के नाम पर बनाया जाएगा। व्हाइट कुर्ता और पायजामा पहने हुए 74 साल के एक्टर ने ट्वीट कर कहा- कॉलेज एलुमनाई मीट में कॉलेज थिएटर को दोबारा ड्रामा टीचर फ्रैंक ठाकुरदास के नाम पर बनवाने के लिए फंड रेज करने पहुंचे। वहीं ब्लॉग में उन्होंने लिखा- यूनिवर्सिटी में मेरा कॉलेज किरोड़ीमल जहां हमने मिस्टर फ्रैंक की देख-रेख में थिएटर किया। अब हम एलुमनाई अपने कॉलेज का नया हॉल बनाएंगे क्योंकि देखरेख की कमी की वजह से अब यह इस्तेमाल करने योग्य नहीं बचा है। हम सब इसे फ्रैंक ठाकुरदास के नाम पर मेमोरियल हॉल बनाना चाहते हैं। इस कॉलेज से पढ़ाई करने वाले काफी नामचीन लोग हैं जो अब फिल्मों में हैं। इन लोगों में अमिताभ के अलावा सुशांत सिंह,सतीश कौशिक और दिव्यांदु शर्मा शामिल हैं।