जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कुलगुरु शांतिश्री डी पंडित ने रेक्टर-1 बृजेश पांडेय और रेक्टर-2 दीपेंद्र नाथ दास को पद से हटा दिया है। कुलगुरु ने यह कार्रवाई कार्यकारी परिषद की बैठक के दौरान की। हालांकि दोनों को पद से हटाने को लेकर अभी कोई कारण स्पष्ट नहीं किया गया और औपचारिक दस्तावेज जारी किया। मगर, विश्वविद्यालय के सूत्रों ने दोनों रेक्टर को पद से हटाए जाने की पुष्टि की है। सूत्र ने बताया कि किसी विषय को लेकर असहमति जाहिर की गई थी। जिसके बाद कुलगुरु ने रेक्टर की आवश्यकता न होने की बात करते हुए पद से कार्यमुक्त कर दिया। दोनों रेक्टर पिछले दो साल से अधिक समय से कार्यरत थे। इससे पहले भी कई रेक्टर कुलगुरु के कार्यकाल की अवधि में हटाए जा चुके है। वहीं अगले फरवरी महीने में कुलगुरु का कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है। मगर, इस बीच कुलगुरु की कार्रवाई को लेकर विश्वविद्यालय में यह भी चर्चा है कि यह कार्रवाई जेएनयू के छात्रों के प्रदर्शन में शामिल होने को लेकर की गई। साथ ही एक कारण यह भी बताया जा रहा है कि एक रेक्टर का करीब एक महीने पहले कुलगुरु से कुछ विवाद हुआ था। जिसके चलते यह कार्रवाई की गई है।