गर्मी की छुट्टियों में बच्चों का स्क्रीन टाइम तेजी से बढ़ रहा है, जिसका असर उनकी सेहत पर दिखाई देने लगा है। विशेषज्ञों के अनुसार मोबाइल, टैबलेट और टीवी के अत्यधिक उपयोग से बच्चों में आंखों में जलन, सिरदर्द, थकान और नींद से जुड़ी समस्याएं बढ़ रही हैं। छुट्टियों के दौरान अधिकांश बच्चे घंटों तक ऑनलाइन गेम, वीडियो और सोशल मीडिया में व्यस्त रहते हैं, जिससे उनकी शारीरिक गतिविधियां भी कम हो जाती हैं। हाल ही में पूर्वी दिल्ली के 11 वर्षीय एक बच्चे को लगातार सिरदर्द और आंखों में जलन की शिकायत हुई। परिजनों ने बताया कि वह रोज कई घंटे मोबाइल पर गेम खेलता था। वहीं, 14 वर्षीय एक छात्रा को देर रात तक मोबाइल चलाने की आदत के कारण अनिद्रा और दिनभर थकान की समस्या होने लगी। विशेषज्ञों का कहना है कि अभिभावकों को बच्चों के स्क्रीन टाइम पर नजर रखनी चाहिए। बच्चों को नियमित अंतराल पर ब्रेक देने के साथ-साथ खेलकूद, पढ़ाई और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के लिए भी प्रेरित करना चाहिए, ताकि उनके शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर नकारात्मक असर न पड़े।