दिल्ली प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (डीटीयू) ने आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के स्नातकोत्तर (पीजी) विद्यार्थियों को फीस में राहत देने के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए पात्र विद्यार्थी फीस में रियायत पाने के लिए 17 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इस संबंध में विश्वविद्यालय ने सूचना जारी की है। इस योजना का लाभ उन्हीं विद्यार्थियों को मिलेगा, जिनके परिवार की सभी ज्ञात स्रोतों से सालाना आय 4.50 लाख रुपये से कम है। इसके अलावा विद्यार्थी का विश्वविद्यालय में किसी अनुशासनहीन गतिविधि या परीक्षा में अनुचित साधनों के इस्तेमाल का मामला नहीं होना चाहिए। पिछले सेमेस्टर में किसी भी विषय में बैकलॉग, री-अपीयर या सप्लीमेंट्री परीक्षा लंबित होने पर भी विद्यार्थी फीस में छूट के पात्र नहीं होंगे।