मौज मस्ती करने लिए अपनी गर्लफ्रेंड के साथ दुकानदार से झपटमारी करने वाले बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बदमाश की पहचान छोटू कुमार उर्फ अविनाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में उसकी गर्लफ्रेंड और नाबालिग भांजे को भी पकड़ा है। आरोपी भांजा दुकानदार के किराने की दुकान पर काम करता था और उसने ही अपने मामा को दुकानदार के पास पैसा होने की जानकारी दी थी। पुलिस ने इनके कब्जे से छीने गए पैसे से खरीदे गए कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। द्वारका जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि 7 फरवरी की रात 9:40 बजे उत्तम नगर थाना पुलिस को एक दुकानदार से झपटमारी की शिकायत मिली। मौके पर पुलिस को दुकानदार प्रदीप गोयल मिले, जिन्होंने बताया कि वह हस्तसाल रोड पर किराने की दुकान चलते हैं। वह रात में दुकान से 30 से 40 हजार रुपये लेकर पैदल घर जा रहे थे। इसी दौरान एक युवक उनके हाथ से बैग छीनकर भाग गया। पुलिस ने उनकी शिकायत पर झपटमारी का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जिले के वाहन चोरी निरोधक शाखा को सौंपी गई। निरीक्षक कमलेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। जिसमें वारदात में एक युवक और युवती के शामिल होने का पता चला। पुलिस ने उनके भागने की दिशा में लगे करीब पांच सौ सीसीटीवी कैमरे की जांच करते हुए मटियाला गांव पहुंची। आखिरी जगह पर सीसीटीवी कैमरे नहीं होने पर पुलिस घर-घर जाकर जांच की। इसी बीच 12 फरवरी को पुलिस को बदमाशों के पार्क में बैठे होने की जानकारी मिली। जहां से पुलिस ने आरोपी छोटू कुमार, उसकी गर्लफ्रेंड और उसके नाबालिग भांजे को पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि छोटू का भांजा प्रदीप की दुकान पर काम करता था। उसने ही अपने मामा को प्रदीप के पास घर जाने के दौरान पैसे होने का पता चला। फिर उसने साजिश के तहत वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि लूटपाट करने के बाद तीनों एक ओयो होटल में रुके, जहां उन्होंने चोरी के पैसे से शराब, मिठाई और मोबाइल फोन खरीदे। साथ ही होटल और अपने कमरे का किराया देने में खर्च कर दिए। जांच में पता चला कि तीनों मटियाला गांव में किराए पर रहते हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मूलत: बिहार बेगूसराय का रहने वाला छोटू शादीशुदा है और रिक्शा चलाता है। वह किराए के मकान पर गर्लफ्रेंड और भांजा के साथ रहता है। उसकी गर्लफ्रेंड स्मैक की आदी है और छोटू के साथ घूमती है।