गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित जीएमसीबीएल बस डिपो के परिसर में चार्जिंग स्टेशन बनाने का काम दोबारा शुरू हो गया है। अगले दो माह में चार्जिंग स्टेशन बनाकर तैयार करने का लक्ष्य है। यहां पर कुल 16 पॉइंट बनाए जाएंगे, जिसमें एक साथ 32 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज किया जा सकेगा। जीएमसीबीएल को दिल्ली से पीएम ई-बस सेवा के माध्यम से 200 इलेक्ट्रिक बसें मिलेंगी। इन बसों के जुलाई के अंत या अगस्त माह की शुरुआत में मिलने की संभावना है। ये नई बसें नौ मीटर लंबी होंगी और इनका छोटा साइज होने के चलते कॉलोनियों, सेक्टरों व सोसाइटियों में भी इनका संचालन करने की योजना है। गुरुग्राम मेट्रोपोलिटन सिटी बस लिमिटेड (जीएमसीबीएल) के बस डिपो में पांच एमवीए क्षमता के बिजली कनेक्शन की केबल सेक्टर-9 के बिजली स्टेशन से बस डिपो तक करीब दो साल पहले ही बिछाई जा चुकी थी। यहां पर 11 केवी के तीन कम्पेक्ट सब स्टेशन भी दो साल पहले लगाए जा चुके थे। सेक्टर-10 स्थित डिपो में 100 बसें और सेक्टर-52 स्थित डिपो को 100 बसें मिलेंगी, जिससे शहरवासियों को सार्वजनिक परिवार की ज्यादा सुविधा मिलेगी।