नूंह जिले में उस समय सनसनी फैल गई जब लुहिंगाकला स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा के बैंक मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती तौर पर मामला हार्ट अटैक का माना जा रहा है, लेकिन पुलिस हर पहलू से जांच में जुटी हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मरोड़ा पुल के नीचे एक कार खड़ी मिली थी। राहगीरों द्वारा इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच की, जहां अंदर एक व्यक्ति मृत अवस्था में मिला। जांच के दौरान मृतक की पहचान मनीष के रूप में हुई, जो लुहिंगाकला में एसबीआई बैंक शाखा में मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में मौत हार्ट अटैक के कारण होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मांडीखेड़ा अल आफिया अस्पताल भिजवा दिया गया है, जहां पुलिस की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस की ओर से घटना की सूचना मृतक के परिजनों को भी दे दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।