ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित आम्रपाली ड्रीम वैली इंचांटे सोसाइटी में बुधवार को भी बारिश के पानी की वजह से सोसाइटी के एक टावर में तीन लिफ्ट बंद हो गई। जिसमें सवार तीन लोग करीब पांच मिनट तक फंस गए। उन्हें किसी तरह बाहर निकाला गया। निवासियों का आरोप है कि रखरखाव में लगातार लापरवाही बरती जा रही है। कई बार मेंटेनेंस से शिकायत करने के बाद भी कुछ भी बदलाव नहीं आया। निवासियों ने बताया कि बुधवार को एच 5 टावर में अचानक सुबह लिफ्ट बंद हो गई। लिफ्ट बंद होने की वजह बारिश का पानी बताया गया। बारिश का पानी लिफ्ट में आने के कारण उसके सेंसर ने काम करना बंद कर दिया, जिसके कारण लिफ्ट नीचे से ऊपर जाते समय दूसरे फ्लोर पर बंद हो गई। इस दौरान लिफ्ट में तीन लोग भी सवार थे, जो कि पांच मिनट तक फंस रहे। उन लोगों ने शोर मचाया तब तक अपने आप लिफ्ट के दरवाजे खुल गए। सभी वहीं उतर कर सीढ़ियों की मदद से अपने फ्लैट तक पहुंचे। निवासियों ने बताया कि कई बात सोसाइटी की लिफ्ट में लोग फंस चुके है। उसके बाद भी लिफ्ट की मरम्मत नहीं कराई जा रही है ।निवासियों का आरोप है कि समय पर लिफ्ट का मेंटेनेंस भी नहीं कराया जाता है। जिससे किसी दिन सोसाइटी में बड़ा हादसा हो सकता है।