ग्रेटर नोएडा के कासना स्थित राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (जिम्स) में नियमितीकरण की मांग को लेकर आउटसोर्सिंग कर्मचारी की ओर से चल रहा प्रदर्शन तीसरे दिन में जारी रहा। कर्मचारियों का आरोप है कि जिम्स प्रशासन की ओर से नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग की पढ़ाई कर रही विद्यार्थियों को यहां पर इलाज के लिए बुलाया गया है। करीब 25 विद्यार्थी कॉलेजों से आए हैं। वहीं. आईसीयू से गंभीर स्थिति मरीजों को डिस्चार्ज करने का सिलसिला जारी है। बुधवार को एक गंभीर मरीज को जिम्स की ओर से डिस्चार्ज किया गया। मरीज की गंभीर स्थिति को देखकर तीमारदारों का गुस्सा देखने को मिला। तीमारदारों का कहना है कि करीब 8 दिन पहले झांसी से अच्छे इलाज की उम्मीद में उन्होंने मरीज को अस्पताल में भर्ती कराया था। लेकिन मरीज की स्थिति अधिक बिगड़ने पर डिस्चार्ज कर दिया गया।