यमुना सिटी के रबूपुरा स्थित महाराणा प्रताप सर्किल पर हर दिन लोगों को घंटों जाम का सामना करना पड़ रहा है। सड़क निर्माण और चौड़ीकरण के कार्य के चलते यहां पर रोड काफी संकरा हो गया है। दोनों तरफ से आने वाले वाहन सड़क पर फंस जाते हैं और लोगों को परेशान होना पड़ता है। वहीं यातायात पुलिस कर्मियों को भी मार्ग खुलवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ती है। यमुना एक्सप्रेस-वे से बुलंदशहर के झांझर तक 9 किलोमीटर तक सड़क के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। इसके साथ ही एक्सप्रेस-वे से रबूपुरा की ओर आने वाले तीन किलोमीटर के मार्ग को सीमेंटेड भी बनाया जा रहा है। इस कारण यह तीन किलोमीटर का मार्ग सड़क बनाने के लिए एक तरफ से बंद है और सिर्फ एक तरफ से ही वाहनों का आवागमन हो रहा है। ऐसे में हर दिन बड़े वाहन फंस जाते हैं और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। सोमवार को भी महाराणा प्रताप सर्किल पर घंटो जाम लगा रहा। हालांकि जाम की स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिस के साथ ही क्षेत्रिय थाने से भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, जो लगातार यातायात व्यवस्था बनाने के लिए काम कर रहे हैं।