चाइल्ड पीजीआई में सोमवार को बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और सकारात्मक ऊर्जा भरने के लिए दो दिवसीय फ्लावर शो का आयोजन किया गया। डॉक्टर को दिखाने के लिए जैसे ही बच्चों ने अस्पताल परिसर में प्रवेश किया, रंग बिरंगे फूल देखकर उनके चेहरों पर मुस्कान आ गई। फ्लावर शो ने बच्चों के लिए थेरेपी की तरह काम किया। उन्होंने फूलों के साथ जमकर फोटो भी खिंचवाई और मस्ती की। वहीं, डॉक्टरों ने भी फ्लावर शो में सेल्फी ली और बच्चों को फूलों के बारे में जानकारी दी। चाइल्ड पीजीआई ने निजी कंपनी के साथ मिलकर फ्लावर शो लगाया है। इसकी खास बात है कि फूलों के साथ-साथ पौधे के नाम की प्लेट भी साथ में लगाई गई है, ताकि छात्र सकारात्मक होने के साथ-साथ पौधे की किस्म के बारे में भी जान सकें। संस्थान ने प्राधिकरण की ओर से शिवालिक पार्क में लगाए गए फ्लावर शो में आकर लोगों के चेहराें पर आई मुस्कान के बाद अस्पताल में भी दो दिन फ्लावर शो लगाने का फैसला किया। पहले दिन फ्लावर शो का बच्चों पर सकारात्मक असर देखने को मिला। फूलों की अलग-अलग किस्म की वजह से संस्थान भी फूलों की खुशबू से महका। इस वजह से अस्पताल के बाहर से गुजर रहे लोगों ने भी अस्पताल में आकर फूलों को देखा। निदेशक डॉ. अरुण कुमार सिंह ने बताया कि शिवालिक पार्क में लगे फ्लावर शो के आधार पर इसको लगाया गया है। रंग बिरंगे फूलों को देखकर बच्चों के चेहरों पर मुस्कान आ रही है। इसी उद्देश्य के साथ इसको लगाया गया है। इसके माध्यम से बच्चे फूलों के अलग-अलग किस्म को जान सकेंगे।