ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित स्पोर्टिज जिम्नास्टिक्स सेंटर पर बुधवार से जिला स्तरीय चौथी जिमनास्टिक प्रतियोगिता का आगाज हुआ। दो दिवसीय प्रतियोगिता में जिले के कई स्कूलों से 350 से अधिक जिम्नास्ट ने भाग लिया। प्रतियोगिता के पहले दिन बालिका वर्ग में अंडर-06 से अंडर-16 आयु वर्ग तक मुकाबले खेले गए। जिला जिमनास्टिक एसोसिएशन की सचिव अनुभूति सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में अंतरराष्ट्रीय व राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना चुके खिलाड़ियों ने शिरकत कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बताया कि सुबह 10 बजे से शुरू हुई प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर दर्शकों का मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि अंतरराष्ट्रीय जिम्नास्ट सिद्धार्थ वर्मा ने किया। एसोसिएशन के अध्यक्ष आशा उनियाल, स्पोर्टिज के कॉ-फाउंडर अंकुर चौधरी व ऋचा पंत ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। बृहस्पतिवार को प्रतियोगिता में फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।