दादरी कोतवाली क्षेत्र में हथियार तस्करी की सूचना पर बदमाश को पकड़ने के लिए गई बीटा-2 कोतवाली की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) टीम में शामिल एक सिपाही बदमाश को पकड़ने के दौरान ई-रिक्शा से टकराकर घायल हो गया। दरअसल रविवार को पुलिस विभाग में चर्चा रही कि एसओजी टीम को हथियार तस्करी की सूचना मिली थी। जब टीम जांच के लिए दादरी पहुंची तो कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में एसओटी टीम के प्रभारी सब इंस्पेक्टर को चोट लगी। घायल होने के बाद निजी अस्पताल में उपचार के दौरान 17 टांके लगाए गए हैं। एक सिपाही का पैर टूट गया। वहीं दो अन्य सिपाही घायल हो गए। वहीं, एडिशनल डीसीपी ग्रेटर नोएडा जोन अशोक कुमार का कहना है कि शनिवार को पुलिस मुखबिर की सूचना के आधार पर हथियार तस्कर को पकड़ने गई थी। दबिश के दौरान तस्कर को पकड़ते समय बीटा-2 कोतवाली पर तैनात आरक्षी सौरभ कुमार ई-रिक्शा से टकरा गया था। जिसको पैर में चोट लग गई थी। जिसका उपचार कराया जा रहा है। किसी उपनिरीक्षक या अन्य किसी आरक्षी के कोई चोट नहीं लगी है। पुलिस ने दो हथियार तस्कर गिरफ्तार किए है। जिनके कब्जे से तीन अवैध पिस्टल, 40 कारतूस बरामद किए गए है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करते हुए कार्रवाई की जा रही है।