नोएडा। शहर में श्रमिकों के प्रदर्शन के बाद नोएडा आ रहे पक्ष-विपक्ष के नेता एक दूसरे पर हमलावर है। हाल ही में ईरान संकट के बाद पैदा हुए गैस संकट पर जहां भी बृहस्पतिवार को नोएडा पहुंचे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस को गैस किल्लत की अफवाह फैलाने का जिम्मेदार ठहराया। वहीं दूसरे दिन शुक्रवार को नोएडा आए कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने आम जनता की बात रखी, जिससे सरकार की नाकामी सामने आए, डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दर्जनों लोग बेघर हो गए, जब आग लगी तो उसे घंटों बाद अग्निशमन की गाड़ियां पहुंची, तब तक कई घरों में आग फैल चुकी थी। नोएडा में श्रमिकों को उनका हक देने और स्थिति संभालने से लेकर लखनऊ में आग बुझाने में भी देरी हुई, जो कि सरकारी की नाकामी है। इसके बाद उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मोहसिना किदवई के निधन पर अपना शोक व्यक्त किया और उनके परिवार से मुलाकात की।