गुरुग्राम के बस अड्डा परिसर में पानी भरा होने के कारण डिपो के गेट से बसों का संचालन किया जा रहा है। गेट पर रोडवेज बसों के साथ ही प्राइवेट बसें व डीटीसी की बसें भी संचालित की जा रही हैं। रोडवेज कर्मचारियों द्वारा सभी यात्रियों को बस अड्डे के गेट से ही अपने-अपने रूटों की बसें पकड़ने के लिए कहा जा रहा है। ऐसे में बस स्टैंड पर यात्री नहीं आ पा रहे और बस स्टैंड बिल्कुल सुनसान पड़ा हुआ है। सुबह से ही हो रही बारिश के बाद बस अड्डा परिसर के मैदान में डेढ़ से दो फीट पानी भरा हुआ है जिस कारण बसों को डिपो के अंदर नहीं लगाया जा रहा। बस अड्डा परिसर से बारिश के पानी को निकालने के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई है।