गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बरसाती नाले का निर्माण करा रहा है। ऐसे में मानसून में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और राजीव चौक अंडरपास में जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित ताऊ देवीलाल स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 45 एकड़ में बना हुआ है। कॉम्पलेक्स में बरसाती पानी निकासी का बेहतर इंतजाम नहीं है। ऐसे में बारिश के दिनों में कॉम्प्लेक्स में पानी जमा हो जाता है और खेल गतिविधियां प्रभावित होती हैं। इससे सरकार की काफी किरकिरी होती है। वहीं, स्टेडियम के पास ही हाईवे पर अंडरपास बना हुआ है। इसमें भी जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है और यातायात प्रभावित होता है। जीएमडीए जलभराव का स्थाई समाधान करने जा रहा है। योजना के अनुसार मेन रोड 32/38 स्टेडियम गेट से सोहना रोड गेट तक आरसीसी बॉक्स टाइप मास्टर स्ट्रॉम वाटर ड्रेन का निर्माण कराया जा रहा है। इस कार्य पर करीब 5.93 करोड़ खर्च होंगे।