गुरुग्राम जिले का मुख्य बस स्टैंड पिछले एक दशक से बारिश के मौसम में जलभराव की गंभीर समस्या से जूझ रहा है। करीब 30 मिलीमीटर से अधिक बारिश होते ही बस स्टैंड परिसर में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाता है। इससे यात्रियों को बसों तक पहुंचने में भारी दिक्कत होती है, वहीं हरियाणा रोडवेज को भी बसों के संचालन और राजस्व पर सीधा असर झेलना पड़ता है। हर साल नगर परिषद और परिवहन विभाग की ओर से जल निकासी के दावे किए जाते हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है।