गुरुग्राम के बसई चौक पर पीने के पानी की मुख्य पाइपलाइन टूट गई है। इस वजह से शहर के कई प्रमुख इलाकों में पीने के पानी की आपूर्ति बुरी तरह प्रभावित हुई है। मंगलवार की रात में हुई बारिश से निर्माण कार्य प्रभावित हुआ है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के कर्मी मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं। शुक्रवार की सुबह तक ठीक होने की संभावना है। ऐसे में लोगों को इंतजार करना होगा। जीएमडीए की ओर से दावा किया गया था कि वीरवार की शाम तक पानी नलों में आ जाएगा। मगर काम की गति को देखकर नग रहा है कि अभी इंतजार करना होगा। प्रभावित इलाकों में बसई गांव, कादीपुर, चकरपुर, नाथूपुर, सिकंदरपुर, गढ़ी, सिविल लाइन्स और सेक्टर 45, 37, 34, 29 शामिल हैं। डीएलएफ समेत शहर के कई अन्य क्षेत्रों में भी पानी की किल्लत का सामना करना पड़ रहा है। बसई में मुख्य लाइन टूटने से जलापूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। जीएमडीए के अधिकारी स्थिति को सामान्य करने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, मरम्मत कार्य बारिश के कारण बाधित हो रहा है। स्थानीय निवासियों को पानी के टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इस बीच, नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पंद्रहवें दिन भी जारी है। इस हड़ताल से शहर में सफाई व्यवस्था भी बुरी तरह प्रभावित हुई है। पानी की समस्या के साथ-साथ सफाई की चुनौती भी बढ़ गई है।