गुरुग्राम शहर में कई स्थानों पर जमीन उपलब्ध नहीं होने के कारण सड़कों के छोटे-छोटे हिस्से अधूरे पड़े हैं। 100 से 700 मीटर तक के इन मिसिंग लिंक के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। सड़क पूरी नहीं होने से वाहन चालकों को वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे कई जगहों पर यातायात का दबाव बढ़ रहा है। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) के अनुसार, कुछ जमीनों से जुड़े मामले अदालतों में लंबित हैं, जबकि कई स्थानों पर जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया पूरी नहीं हो पाई है। इसका सीधा असर शहर की कनेक्टिविटी पर पड़ रहा है। सेक्टर-37सी, सेक्टर-81/81ए, 82, 83 और 85 के बीच कई डिवाइडिंग रोड अलग-अलग हिस्सों में अधूरी हैं। कुछ स्थानों पर सड़क का एक कैरिजवे तैयार है, लेकिन दूसरे हिस्से के लिए जमीन उपलब्ध नहीं हो पाई है। कहीं मंदिर, मकान और अन्य निर्माण भी सड़क निर्माण में बाधा बने हुए हैं। सड़कों के इन छोटे-छोटे अधूरे हिस्सों का असर पूरे मार्ग की कनेक्टिविटी पर पड़ रहा है।