गुरुग्राम जिले के राजकीय ओद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थानों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया जारी है लेकिन अंतिम तिथि नजदीक आने के बावजूद आवेदन की रफ्तार अभी भी धीमी बनी हुई है। इसकी एक बड़ी वजह यह है कि पोर्टल पर अभी तक विद्यार्थियों के लिए ट्रेड और आईटीआई संस्थान चुनने का विकल्प शुरू नहीं किया गया है। ऐसे में छात्र केवल आवेदन कर पा रहे हैं, लेकिन यह तय नहीं कर पा रहे कि उन्हें किस ट्रेड और किस संस्थान में दाखिला लेना है।
बता दें कि आवेदन की अंतिम तिथि 30 जून हैं लेकिन पोर्टल पर यह सुविधा शुरू नहीं होने से उन्हें दाखिला प्रक्रिया की अगली चरण की जानकारी नहीं मिल पा रही है।विभागीय अधिकारियों के अनुसार फिलहाल केवल आवेदन लिए जा रहे हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद विद्यार्थियों को अलग से ट्रेड और संस्थान चुनने का मौका दिया जाएगा। इसके बाद मेरिट और विद्यार्थियों की पसंद के आधार पर सीटों का आवंटन किया जाएगा।
ट्रेड और आईटीआई का विकल्प न दिखने की वजह से विद्यार्थियों की आवेदन संख्या भी नहीं दिख रही है जिसकी वजह से विद्यार्थियों अपनी पसंदीदा ट्रेड और संस्थान का चयन नहीं कर पा रहे हैं। - विजयपाल, राजकीय आईटीआई मौजाबाद गुरुग्राम।