गुरुग्राम। जिले में इस साल सरकारी स्कूलों में दाखिलें को बढ़ाने के लिए चलाया गया प्रवेश उत्सव अभियान फीका पड़ गया। शिक्षा विभाग के आकड़ों के अनुसार सत्र 2025-26 में जहां करीब 1.50 लाख छात्रों ने सरकारी स्कूलों ने प्रवेश लिया था, वहीं सत्र 2025-27 में यह संख्या घटकर लगभग 1.22 लाख रह गई है। आकड़ो के अनुसार देखा जाए तो एक साल में करीब 28 हजार बच्चों ने सरकारी स्कूलों से दूरी बना ली है। शिक्षा विभाग ने दाखिले बढ़ाने के लिए घर घर जाकर लोगों को जागरूक करने, स्कूलों की सुविधाएं बताने और प्रवेश उत्सव जैसे कार्यक्रम चलाए थे लेकिन इसका ज्यादा असर नहीं दिखा। इस गिरावट के पीछे कई कारण सामने आ रहें हैं गुरुग्राम जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में अभिभावक अब प्राइवेट स्कूलों को ज्यादा प्राथमिकता दे रहे हैं। बेहतर पढ़ाई, अंग्रेजी माध्यम और अच्छी सुविधाओं के कारण लोग सरकारी स्कूलों से दूरी बना रहे हैं। इसके अलावा शहर में बड़ी संख्या में बाहर से काम करने आए लोग रहते हैं,जो अकसर जगह बदलते रहते हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई लगातार एक ही स्कूल में नहीं हो पाती और दाखिले प्रभावित होते हैं।