गुरुग्राम सेक्टर-10 थाना क्षेत्र में छह जनवरी की सुबह डस्ट सप्लायर के सिर में गोली मारकर हत्या मामले में पुलिस ने मृतक के मौसी के लड़के व उसके साथी को गिरफ्तार किया है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि 14 साल पुराना व्यवसायिक विवाद बना हत्या की मुख्य वजह बना। आरोपियों ने यूट्यूब पर वीडियो देखकर हत्या की साजिश रची थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहतक (हरियाणा) के डहकोरा गांव निवासी गुरुदत्त शर्मा उर्फ बालेश्वर शर्मा (56) और बागपत (उत्तर प्रदेश) के कंडोरा गांव निवासी अनिल (48) के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए आरोपी गुरुदत्त शर्मा को 10 जनवरी को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया और 11 जनवरी को अदालत में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है। वहीं, आरोपी अनिल को 12 जनवरी को उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार किया है।