सितंबर 2023 में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विकासनगर के कालसी के हरिपुर में यमुना घाट का शिलान्यास किया था। घाट पर सीढ़ियों, प्लेटफॉर्म, यात्रियों के बैठने के लिए शेड का निर्माण भी कर दिया गया है। कार्य अंतिम चरण में है। जल्द ही घाट का निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। करीब दो वर्ष पहले विकासनगर के हरबर्टपुर में चारधाम यात्रा पंजीकरण, वाहनों के संचालन, परिवहन विभाग की चेक पोस्ट और पड़ाव स्थल बनाया गया था। पड़ाव स्थल पर रुकने वाले यात्री यहां आस-पास के क्षेत्र में घूम सकते हैं। घाट निर्माण के बाद यमुनोत्री धाम जाने वाले यात्री यहां स्नान कर अपनी यात्रा शुरू कर सकते हैं।