डीएवी पीजी कॉलेज में बृहस्पतिवार को विभिन्न छात्र संगठनों के प्रत्याशियों ने नामांकन किया। इसके साथ ही नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई), अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), आर्यन और सत्यम छात्र संगठन के प्रत्याशियों ने महाविद्यालय परिसर में शक्ति प्रदर्शन किया। सुबह नौ बजे से महाविद्यालयों में आने का सिलसिला शुरू हुआ। इसके बाद छात्र संगठनों की ओर से घोषित प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान ढोल-नगाड़ों की धुन और आतिशबाजी के साथ छात्रों ने शक्ति प्रदर्शन भी किया। उधर महाविद्यालय परिसर में भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रत्याशियों के समर्थन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, छात्र और नेता रैली में पहुंचे। नारेबाजी करते हुए रैली कॉलेज का चक्कर लगाते हुए नामांकन स्थल तक पहुंची।