केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री और रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष रामदास अठावले ने भाजपा के सामने गठबंधन की शर्त रखी है। उन्होंने कहा है कि आगामी विधानसभा चुनावों में अगर उनकी पार्टी को उत्तराखंड में सम्मानजनक सीटें नहीं मिलती हैं, तो उनकी पार्टी पांच से सात सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। केंद्रीय राज्य मंत्री ने बीजापुर अतिथि विश्राम गृह में मीडिया से वार्ता में कहा, वर्ष 2027 मेें उत्तराखंड के साथ ही उत्तर प्रदेश, मणिपुर, गोवा आदि राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं। गठबंधन के तहत उत्तराखंड में यदि एक से दो सीटें नहीं मिली तो उनकी पार्टी पांच से सात सीटों पर अकेले चुनाव लड़ेगी। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन से कोई भी पार्टी कही जाने वाली नहीं है, दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 25 साल और पीएम बने रहेंगे। मतदाता सूची के बारे में उन्होंने कहा, चुनाव आयोग को इसे दुरुस्त करना चाहिए ताकि मतदान के लिए मतदान केंद्र में पहुंचे व्यक्ति को मतदाता सूची में नाम न होने से बिना मत दिए निराश न लौटना पड़े। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलबि्धयां गिनाई। मीडिया से वार्ता के दौरान एक व्यक्ति ने योजनाओं का लाभ न मिले पर मंत्री के सामने नाराजगी जताई।