निजी कॉलेज एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील अग्रवाल ने प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में राज्य विश्वविद्यालयों से संबद्ध निजी कॉलेजों की लंबित संबद्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि निरीक्षण और संस्तुति के बावजूद अधिकांश कॉलेजों को सत्र 2019 से अब तक श्री देव सुमन विश्वविद्यालय से संबद्धता विस्तारण पत्र प्राप्त नहीं हुए हैं। इससे छात्रों को छात्रवृत्ति मिलने में परेशानी हो रही है तथा कुछ कॉलेजों को नए पाठ्यक्रमों के लिए भी संबद्धता नहीं मिल सकी है। डॉ. अग्रवाल ने बताया कि इस संबंध में कुलपति, उच्च शिक्षा सचिव और शिक्षा मंत्री से कई बार वार्ता हुई, लेकिन समाधान नहीं निकला। उनका कहना है कि विश्वविद्यालय अधिकारी फाइलें राजभवन में लंबित होने की बात कहते हैं, जबकि कॉलेज संचालक समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। एसोसिएशन ने राज्यपाल से मिलने के लिए 12 मई को समय मांगा था, लेकिन अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। उन्होंने आशंका जताई कि भविष्य में छात्रों की डिग्री की वैधता पर सवाल उठने पर कॉलेजों को ही जिम्मेदार ठहराया जा सकता है।