चंडीगढ़ के बापूधाम में सड़कों की खराब हालत और वार्ड की समस्याओं को लेकर प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने रविवार की शाम को पानी की बौछार कर खदेड़ दिया। कांग्रेस कार्यकर्ता बापूधाम स्थित भाजपा पार्षद दलीप शर्मा के आवास पर ज्ञापन देने जा रहे थे। पुलिस की ओर से रोके जाने के बाद उन्होंने पुलिस के अधिकारियों को ही ज्ञापन सौंप दिया।
प्रदर्शन से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता ब्लाक कांग्रेस प्रधान सुलेमान के नेतृत्व में बापूधाम स्थित वाल्मीकि धर्मशाला में एकत्र हुए। वहां से एकजुट होकर हाथों में पार्टी का झंडा लेकर नारे लगाते हुए कार्यकर्ता दलीप शर्मा के घर की ओर चल दिए। इसी बीच रास्ते में पुलिस ने बेरिकेड लगा रखा था। इस दौरान कुछ कांग्रेस नेता गलियों में घुसकर दलीप शर्मा के आवास की ओर चल पड़े। हालांकि, पुलिस को उन्हें वापस लाने में खासी मशक्कत करनी पड़ी।