विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से किया गया है आयोजन
उत्तरकाशी। विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति की ओर से सात दिवसीय सैनिक दीपावली मेले का शुभारंभ हो गया है। इसमें स्थानीय देवी देवताओं की डोलियों की पूजा-अर्चना के साथ मेले का उद्घाटन किया गया। रामलीला मैदान में एक सप्ताह तक चलने वाले मेले सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित कई प्रतियोगिताएं कराई जाएगी। वहीं मेले में इस बार सोना, चांदी, कार और स्कूटी सहित कई आकर्षण इनाम लक्की ड्रॉ के माध्यम से निकाले जाएंगे।
बुधवार को रामलीला मैदान में सैनिक दीपावली मेले का शुभारंभ बड़ाहाट क्षेत्र के आराध्य कंडार देवता, बाडागड्डी क्षेत्र के आराध्य देवता हरि महाराज व मां खंडद्वारी के सान्निध्य में नगर पालिका अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौहान और डीएम प्रशांत आर्य ने किया। इस दौरान विभिन्न संस्थान के छात्राओं ने मांगल और स्वागत गीत प्रस्तुत किए।
मुख्य अतिथियों ने मेले में लक्की ड्रॉ के माध्यम से मिलने वाली कार और बाइक का अनावरण किया। इसके साथ ही सभी अतिथियों ने मेला परिसर में विभिन्न सरकारी व गैर सरकारी संस्थाओं की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण किया। इसके साथ ही रन फॉर आर्मी क्रॉस कंट्री दौड़ में विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
विश्वनाथ पूर्व सैनिक कल्याण समिति के संरक्षक मेजर आरएस जमनाल और अध्यक्ष सूबेदार बिरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि सैनिक दीपावली मेला सात दिनों तक चलेगा। इसमें विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर सूबेदार धनपाल सिंह, गोपश्वर प्रसाद भट्ट, बलबीर सिंह, जगत सिंह, हिकमत सिंह, इंद्रमणि, मुरारी सिंह, बलदेव सिंह आदि मौजूद रहे।