ब्लॉक प्रमुख ने ली आपदा में हुए नुकसान की बैठक
नौगांव (उत्तरकाशी)। ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ आपदा में हुए नुकसान को लेकर बैठक की। साथ ही कार्य योजना रिपोर्ट मांगी। उन्होंने बगैर दस्तावेजों के बैठक में मौजूद अधिकारियों के प्रति नाराजगी जातई। वहीं उन्होंने बैठक में अनुपस्थित जल निगम और पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी किया।
बुधवार को नौगांव ब्लॉक सभागार में ब्लॉक प्रमुख सरोज पंवार ने विभागीय अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने लोनिवि से यमुनोत्री पैदल मार्ग की जानकारी मांगी। साथ ही अधूरे कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए कहा। वहीं लोनिवि के अधिशासी अभियंता तनुज कांबोज ने विभागीय सड़कों को 15 करोड़ का नुकसान होने की जानकारी दी।
आपदा के चलते कई ग्रामीण सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। उन्होंने स्योरी मोटर मार्ग पर साढ़े चार करोड़ की लागत से करवाए जा रहे सुधारीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण करने की बात कही। उद्यान विभाग ने एप्पल मिशन, कीवी मिशन सहित अन्य कार्य योजना की जानकारी दी। कृषि विभाग ने प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना तथा राष्ट्रीय कृषि विकास योजना के तहत करवाए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। इस मौके पर कनिष्ठ उप प्रमुख कुलदीप, खंड विकास अधिकारी कैलाश चंद रमोला आदि मौजूद रहे।