उत्तरकाशी/ नौगांव। जनपद में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सोमवार को दो महत्वपूर्ण पहल की गई। समग्र शिक्षा अभियान के तहत पीएमश्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बनचौरा चिन्यालीसौड़ में कक्षा 6 से 12 तक के सभी छात्र-छात्राओं को निःशुल्क कॉपियां वितरित की गई। वहीं, नौगांव क्षेत्र में जिला पंचायत सदस्य प्रियंका थपलियाल ने दो विद्यालयों को अपने निजी संसाधनों से कंप्यूटर भेंट किए।
पीएमश्री राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज बनचौरा में आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय परिवार ने कहा कि सरकार शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रत्येक विद्यार्थी तक आवश्यक शैक्षणिक संसाधन पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कॉपियों के वितरण से विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के विद्यार्थियों को राहत मिलेगी।
इस अवसर पर पीटीए अध्यक्ष विवेक बिष्ट, प्रधानाचार्य सत्यदेव नौटियाल, डॉ. रामराज भंडारी, जलम सिंह रांगड़ सहित शिक्षक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, कफनौल वार्ड की जिला पंचायत सदस्य प्रियंका थपलियाल ने पीएमश्री अटल उत्कृष्ट विद्यालय कलोगी और सरस्वती शिशु मंदिर थौलधार को दो-दो कंप्यूटर भेंट किए। संवाद